आपदा पीड़ितों को मिला सरकार का सहारा: मंत्री श्रवण कुमार ने परिजनों को सौंपा सहायता राशि का चेक

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संवेदनशीलता और सेवा भाव का परिचय, आपदा पीड़ित परिवारों को मिली राहत

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।बिहारशरीफ प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज मेघी के ग्राम दीपनगर निवासी मृतक अखिल कुमार के आश्रित पिता यतन महतो तथा बिहारशरीफ के जमालीचक निवासी मृतक सुधीर मिस्त्री की पत्नी गायत्री देवी को राज्य सरकार की ओर से आपदा राहत सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह चेक बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रवण कुमार के हाथों सौंपा गया।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार हमेशा गरीबों एवं जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी।

मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सेवा की भावना से काम करती है, जबकि विपक्षी दल जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने नीतीश सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज बिहार सुशासन की मिसाल बन चुका है। “विकास का नीतीश मॉडल” अब देशभर में चर्चा का विषय है। जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभाली थी, तब बिहार का खजाना खाली था, लेकिन आज बिहार विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध के प्रति नीतीश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और सरकारी संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की नीति ने बिहार को नई पहचान दी है। सुशासन अब एक ब्रांड बन चुका है और बिहार का नाम देश में सम्मान से लिया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, जदयू के जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, प्रखंड अध्यक्ष संजय कुशवाहा, रविन्द्र कुशवाहा, इंदू चौहान, विश्वास सिंह, जयन्त शर्मा, दिनेश साव, सुरेश कुशवाहा, शिवचरण प्रसाद कुशवाहा, मुन्ना महतो, मुन्ना पासवान, संजय प्रसाद कुशवाहा, धर्मेन्द्र महतो, धनपत पासवान, कमलनयन पासवान समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment