अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।बिहार के नालंदा जिले के बिंद प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज जमसारी स्थित ग्राम उतरथू वीरगति को प्राप्त हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान सिकंदर राउत की अंतिम यात्रा में गमगीन माहौल देखा गया। बुधवार की रात करीब 10:30 बजे लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी के जिला अध्यक्ष अरविंद धानुक अपने कार्यकर्ताओं के साथ शहीद के गांव पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शहीद सिकंदर राउत ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी शहादत राष्ट्र के लिए एक अमूल्य बलिदान है, जिसे युगों तक स्मरण किया जाएगा। उनके गांव में जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पहुंचा, समूचा वातावरण शोकाकुल हो उठा। हजारों की संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और प्रशासनिक अधिकारी अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। नम आंखों और भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
इस अवसर पर लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी के जिला अध्यक्ष अरविंद धानुक ने कहा, “शहीद सिकंदर राउत की अमर शहादत, उनका अद्वितीय साहस और अटूट देशप्रेम सम्पूर्ण भारतवर्ष को गर्वित करता है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि राष्ट्र सेवा ही एक सच्चे सपूत का परम धर्म होता है। देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।”
उन्होंने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पार्टी उनके साथ खड़ी है।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल, अमोद कुमार, जितेंद्र कुमार, दिलीप कुमार (मुखिया) सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नेता उपस्थित थे।




