खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: वेटलिफ्टिंग में अमृता पिसूनी और सन्नी भाटी ने जीता स्वर्ण पदक

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर।खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत मंगलवार को राजगीर स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में महिलाओं की +81 किलोग्राम और पुरुषों की +102 किलोग्राम वेट कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

महिला वर्ग (+81 किलोग्राम) में केरल की अमृता पिसूनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 79 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 102 किलोग्राम, कुल 181 किलोग्राम भार उठाकर खिताब पर कब्जा जमाया।

आंध्र प्रदेश की करनाती नागा रामालक्ष्मी ने स्नैच में 75 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 101 किलोग्राम, कुल 176 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता।

पंजाब की गगनदीप कौर ने स्नैच में 77 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 90 किलोग्राम, कुल 167 किलोग्राम भार उठाते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया।

इसके बाद पुरुष वर्ग के +102 किलोग्राम हेवीवेट मुकाबले शुरू हुए, जिसमें हरियाणा के सन्नी भाटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 117 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 151 किलोग्राम, कुल 268 किलोग्राम भार उठाया।

जम्मू-कश्मीर के सात्विक लूथरा ने कुल 263 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक हासिल किया।

बिहार के उज्ज्वल सिंह ने कुल 241 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक जीता और राज्य के लिए गौरव बढ़ाया।

Leave a Comment