राजगीर नगर परिषद क्षेत्र में नालियों की मरम्मती और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुभाष कुमार रजक
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजगीर नगर परिषद क्षेत्र में जर्जर नालियों की मरम्मती और खुले नालों को ढंकने की मांग को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी अनीता गुप्ता ने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र सौंपा है। पत्रांक-05/2025, दिनांक 26 अप्रैल 2025 के माध्यम से उन्होंने नगर परिषद राजगीर के सभी वार्डों में नालियों के निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शीघ्र कराने का आग्रह किया है।

उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राजगीर, जो भगवान बुद्ध और महावीर स्वामी की पवित्र भूमि और एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है, वहां की नालियों की जर्जर स्थिति नगर की छवि को धूमिल कर रही है। कई स्थानों पर नालियों के स्लैब टूटे हुए हैं और कुछ नालियां पूरी तरह खुली हुई हैं, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बच्चों, बुजुर्गों और जानवरों के गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

अनीता गुप्ता ने यह भी कहा कि नगर क्षेत्र के गंदे पानी का निकास खेतों की ओर हो रहा है, जिससे किसानों की फसल और भूमि दोनों बर्बाद हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि गंदे पानी के निकास को पास के सरकारी आहर या पैन में ले जाकर उसे नदी से जोड़ा जाए ताकि खेतिहर और आवासीय क्षेत्रों को नुकसान से बचाया जा सके।

इस पत्र की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी नालंदा और अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर को भी सादर सूचना के लिए भेजी गई है।

Leave a Comment