संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा के लिए गर्व का क्षण तब आया जब राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के दो कैडेटों का भारतीय सशस्त्र बलों में चयन हुआ। महाविद्यालय में एनसीसी इकाई की स्थापना के एक वर्ष के भीतर ही दो छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
चयनित छात्रों में बेगमपुर निवासी उदय सिंह के पुत्र सतीश कुमार का चयन इंडियन आर्मी एवं इंडियन नेवी एसएसआर के लिए हुआ है, जबकि मुजफ्फरपुर (नालंदा) निवासी मेवा मिस्त्री के पुत्र अक्षय कुमार का चयन इंडियन आर्मी टेक्निकल ट्रेड में हुआ है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने दोनों छात्रों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि महाविद्यालय में एनसीसी की स्थापना को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इतने कम समय में दो छात्रों का सेना में चयन होना पूरे संस्थान के लिए गौरव की बात है।
प्राचार्य ने कहा कि इन छात्रों ने केवल अपने परिवार और शिक्षकों का ही नहीं, बल्कि पूरे नालंदा जिले का नाम रोशन किया है। यह उनकी मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल वर्दी पहनना नहीं सिखाती, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन, टीम वर्क और कठिन परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक कार्य करना भी सिखाती है।
डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि अब दोनों छात्र सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा करेंगे और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे भी अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं।
उन्होंने महाविद्यालय के शासी निकाय के अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार तथा सचिव राजेंद्र प्रसाद के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
प्राचार्य ने 38 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और समर्पण के कारण एनसीसी कैडेटों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है। उन्होंने महाविद्यालय के एनसीसी सीटीओ धनंजय कुमार देव, प्रो. विकास कुमार एवं सभी शिक्षकों को भी धन्यवाद दिया, जिनके मार्गदर्शन से छात्रों को यह सफलता प्राप्त हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और चयनित कैडेटों को शुभकामनाएं दीं। समारोह का माहौल उत्साह और गौरव से भरा रहा।
महाबोधि महाविद्यालय में एनसीसी के स्थापना होते ही दो छात्रों का देश सेवा के लिए सेना में चयन होना गौरव की बात:- डा अरविंद कुमार
Written by Sanjay Kumar
Published on:







