राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहली सब-जूनियर हॉकी स्टेट चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ

Written by Subhash Rajak

Published on:

खेल से मिलता है स्वस्थ जीवन का मंत्र: ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार

अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर। राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को पहली सब-जूनियर हॉकी स्टेट दो दिवसीय चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

मंत्री श्रवण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है, यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त बनाता है। जो लोग नियमित रूप से खेलते हैं, वे हमेशा ऊर्जावान और रोगमुक्त रहते हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं में खेल के प्रति अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।

हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव राणा प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 27 टीमों ने भाग लिया है। इनमें बालक वर्ग की 15 तथा बालिका वर्ग की 12 टीमें शामिल हैं। इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ियों को मुख्य कोच जेवन फरेरा के मार्गदर्शन में विशेष प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया जाएगा। वहीं, प्रशिक्षण शिविर से चुने गए खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

प्रारंभिक मुकाबलों में बालिका वर्ग में सिवान ने कैमूर को 11-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग में पटना और खगड़िया के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें खबर लिखे जाने तक पटना ने दो गोल कर लिए थे।

इस अवसर पर कई खेल पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से मधेपुरा हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष विमल कुमार, परविंदर इंटरप्राइजेज के अरविंद कुमार सिंहा, नालंदा हॉकी एसोसिएशन के सचिव राहुल रंजन, हॉकी बिहार के संयुक्त सचिव अमरजीत कुमार सिंह, जहानाबाद हॉकी एसोसिएशन के सचिव सौरभ सिंह, तथा पटना हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष गुंजन सिंह शामिल थे।

Leave a Comment