लक्ष्मी बिगहा नदी घाट पर छठ की दिखी भव्य छटा, नवयुवक दल ने सूर्य प्रतिमा स्थापित कर की आकर्षक सजावट

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुधीर प्रसाद

बेन (अपना नालंदा)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को बेन प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मी बिगहा गांव स्थित नदी घाट पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में छठव्रती एवं श्रद्धालु नदी घाट पर पहुंचे। पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

छठ महापर्व को लेकर लक्ष्मी बिगहा गांव के नदी घाट पर विशेष तैयारियां की गई थीं। गांव के लक्ष्मी बिगहा नवयुवक दल के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक पहल करते हुए नदी किनारे भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित की। इसके साथ ही छठ घाट की आकर्षक सजावट की गई, जिससे घाट की सुंदरता देखते ही बन रही थी। सूर्य भगवान की प्रतिमा स्थापित होने से घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ घाट पर जुटने लगी। महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक पूजा सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर नदी किनारे पहुंचे। सूप में फल, नारियल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर व्रतियों ने नदी के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लक्ष्मी बिगहा नवयुवक दल के कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहे। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सहयोग किया तथा घाट पर आने-जाने वाले लोगों की सुविधा का ध्यान रखा। सामूहिक प्रयास से घाट पर छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर जदयू छात्र दल के नेता गौतम कुमार, प्रिंस कुमार, नीतीश कुमार, श्याम कुमार, रवि कुमार, सुजीत कुमार, उत्तम कुमार, राहुल कुमार, रंजन कुमार, करू समाजसेवी सहित नवयुवक दल के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने नवयुवक दल के कार्यकर्ताओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में सामूहिक सहयोग और युवाओं की सक्रियता से छठ महापर्व का आयोजन और भी आकर्षक एवं व्यवस्थित बन सका। लक्ष्मी बिगहा नदी घाट पर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का यह दृश्य छठ महापर्व की लोक परंपरा और ग्रामीण संस्कृति की खूबसूरती को दर्शाता नजर आया।

Leave a Comment