जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह और ‘नन्हें कदम’ संस्थान का किया निरीक्षण, सुरक्षा व बच्चों की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद की जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने बुधवार को पर्यवेक्षण गृह एवं ‘नन्हें कदम’ विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में रह रहे बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह के सुचारू संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के नियमित एवं सही तरीके से संचालन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

जिला पदाधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई का भी बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, शुद्ध पेयजल, वस्त्र, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर पालन-पोषण एवं सुरक्षित वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

‘नन्हें कदम’ विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने वहां किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संस्थान समाज के जरूरतमंद एवं बेसहारा बच्चों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि संस्थान के कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चे इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पांडे, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निपुन कुमारी, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई विजेता रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि संस्थानों में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Comment