हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) हेमचंद्र से गुरुवार को बिहारशरीफ स्थित जिला शिक्षा कार्यालय में बीएससी अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया और शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर एक मांगपत्र सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष सूरज विद्यार्थी के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने डीईओ को बताया कि जिले के बड़ी संख्या में शिक्षक विभिन्न प्रशासनिक एवं वित्तीय समस्याओं से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में टीआरई-1, टीआरई-2 एवं टीआरई-3 के शिक्षकों के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा परिवीक्षा अवधि पूरी कर चुके टीआरई-1 एवं टीआरई-2 शिक्षकों की सर्विस बुक को अद्यतन करने का भी अनुरोध किया गया।
संघ ने नगर क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों के परिवहन भत्ते को अद्यतन करने, दिव्यांग शिक्षकों के परिवहन भत्ते के भुगतान की प्रक्रिया तेज करने तथा टीआरई-3 शिक्षकों की इंक्रीमेंट तिथि में सुधार कर समय पर वेतन वृद्धि का लाभ देने की मांग भी रखी। इसके साथ ही अन्य जिलों से स्थानांतरित होकर नालंदा आए शिक्षकों के बकाया भुगतान और पदोन्नति से संबंधित पत्र शीघ्र निर्गत करने का आग्रह किया गया।
डीईओ हेमचंद्र ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों का नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा तथा जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव होगा, उन पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







