राजगीर में रोटरी तथागत की डांडिया नाइट में 1500 लोग थिरके, 56 व्यंजनों ने जीता दिल

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। रोटरी क्लब ऑफ तथागत, बिहारशरीफ की ओर से गुरुवार को राजगीर स्थित इंडो होक्के होटल में भव्य ‘डांडिया नाइट 2026’ का आयोजन किया गया। नवरात्रि के उत्सवी माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 250 रोटरी परिवारों के करीब 1500 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक गरबा-डांडिया, शानदार संगीत, आकर्षक विजुअल्स और लजीज व्यंजनों से सजी इस शाम ने उपस्थित लोगों को यादगार अनुभव दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की मंडलाध्यक्ष रोटेरियन अनु नारंग ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंडलाध्यक्ष रोटेरियन संदीप नारंग तथा सत्र 2026-27 के होने वाले मंडलाध्यक्ष रोटेरियन मुकेश तनेजा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया।

डांडिया नाइट के परियोजना निदेशक रोटेरियन अरुण कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजन को आकर्षक रूप दिया गया। सह-निदेशक रोटेरियन डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, रोटेरियन डॉ. सुनील कुमार, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन जोसफ टी.टी. और रोटेरियन कुमारी किरण ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रोटरी क्लब ऑफ तथागत के अध्यक्ष रोटेरियन महेश लोहानी एवं सचिव रोटेरियन डॉ. नीरज कुमार ने सभी रोटेरियन और उनके परिवारों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डांडिया नाइट का मुख्य उद्देश्य रोटरी परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द, भाईचारे और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करना है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ सदस्यों के बीच आत्मीयता भी बढ़ाते हैं।

दिल्ली के DJ और VJ कलाकारों ने बांधा समां

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण दिल्ली से विशेष रूप से आए DJ एवं VJ कलाकार रहे। शानदार संगीत, दमदार बीट्स और आकर्षक विजुअल्स ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक गरबा-डांडिया गीतों के साथ आधुनिक संगीत के संयोजन ने लोगों में खास उत्साह भर दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे रोटेरियन और उनके परिवारजन संगीत की धुन पर देर तक थिरकते रहे। करीब 1500 लोगों का एक साथ डांडिया करना कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।

56 प्रकार के व्यंजनों का विशेष इंतजाम

डांडिया नाइट में खानपान की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। नवरात्रि स्पेशल व्यंजनों सहित लगभग 56 प्रकार के स्वादिष्ट पकवानों का इंतजाम किया गया, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। स्वादिष्ट व्यंजनों ने आयोजन की रौनक में चार चांद लगा दिए।

रोटरी क्लब ऑफ तथागत की यह डांडिया नाइट सांस्कृतिक उत्सव, पारिवारिक सहभागिता और सामाजिक सौहार्द का शानदार उदाहरण बनी। संगीत, नृत्य और स्वादिष्ट व्यंजनों के संगम ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

पूरे कार्यक्रम की बेहतरीन व्यवस्था दिल्ली और बिहार के मशहूर इवेंट व्यवस्थापक एक्सेस इंटरटेनमेंट द्वारा की गई। वहीं, स्वादिष्ट व्यंजनों की जिम्मेदारी गया के प्राची कैटरर्स ने संभाली।

Leave a Comment