एनएच-20 पर तेज रफ्तार कार का कहर, एक की मौत, दो जख्मी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-20 पर मंगलवार अलसुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना मुढारी गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर की ओर से बिहारशरीफ की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार कार (बीआर 01 ईवाई 7277) अचानक अनियंत्रित हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और चश्मदीदों के अनुसार वाहन चालक को नींद आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। कार पहले फोरलेन के डिवाइडर से टकराई और उसके बाद मुढारी गांव के स्वागत द्वार के पास सड़क किनारे खड़ी एक बुलेट बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे में राहगीर समेत तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कल्याण बीघा पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के गरभूचक गांव निवासी सुखनंदन प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र भूषण कुमार के रूप में हुई है। वह किसान थे और अपने पीछे दो पुत्र, एक पुत्री समेत पूरा परिवार छोड़ गए हैं।


घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ देर बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-20 जाम कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने पर जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया है।

Leave a Comment