विजय प्रकाश उर्फ पिंनु नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय प्रखंड के चंडासी गांव निवासी किशोर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र धर्मवीर कुमार की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
यह हादसा बिंद थाना क्षेत्र के सोसंदी गांव के समीप हुआ, जब धर्मवीर अपने चचेरे भाई के तिलक समारोह में भाग लेने के लिए अपने गांव चंडासी लौट रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक धर्मवीर मोकामा थाना क्षेत्र के सकियागढ़ गांव में एक निजी स्कूल संचालित करते थे। वे एक कुशल इंजीनियर भी थे, लेकिन पढ़ाने के शौक के चलते उन्होंने शिक्षण को ही अपना पेशा बनाया था।
तिलक समारोह में शामिल होने के लिए वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में सामने से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि धर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में उनके साथ बाइक पर सवार सरमेरा थाना क्षेत्र के मिसिया गांव निवासी पिंटू कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धर्मवीर के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, वहां खुशी का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और बुजुर्ग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
मृतक धर्मवीर अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं—उनकी पुत्री परी की उम्र मात्र दो वर्ष है जबकि पुत्र विश्वजीत केवल सात महीने का है। उनकी पत्नी बेसुध है और बार-बार रो-रोकर बेहोश हो रही हैं।
वहीं, धर्मवीर की 80 वर्षीय दादी भी पोते की मौत की खबर सुनकर सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। बच्चों को देख ग्रामीणों की भी आंखें नम हो गईं।ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से धर्मवीर के परिवार को मुआवजा और सहायता की मांग की है, ताकि उनके छोटे बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।