संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। सोमवार को नालंदा जिले के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सरमेरा प्रखंड के परनामा गांव में कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक न्याय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में भ्रष्टाचार की गंगोत्री बह रही है। प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक के कार्यालयों में घूसखोरी चरम पर है। उन्होंने बताया कि जब वे मंत्री थे, तब भी उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नीतीश कुमार से सवाल किया था और इसी कारणवश मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
सांसद ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड अब केवल नालंदा जिले की पार्टी बनकर रह गई है। नीतीश कुमार हमेशा दूसरों के कंधे पर बैठकर राजनीति करते रहे हैं और आज वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गोद में जा बैठे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नालंदा सामाजिक न्याय की धरती रही है, लेकिन अब मुख्यमंत्री नालंदा की जनता का भी विश्वास खो चुके हैं। सुधाकर सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पिछली बातों को छोड़कर आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि पूरा बिहार आज नेता तेजस्वी यादव की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी सरकार बनने पर “माय बहन योजना” के तहत हर महिला को ₹2500 प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध मेहता ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार आरएसएस की कठपुतली बनकर रह गई है। सरकार संविधान को कुचल कर नागपुरिया कानून थोपना चाहती है, जो बाबा साहब अंबेडकर के विचारों के विपरीत है।
पूर्व विधायक सतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरमेरा प्रखंड अध्यक्ष रामाशीष यादव ने की जबकि संचालन बिंद प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र पासवान ने किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक कुमार, हिमांशु, सुनील यादव, अनिल महाराज, देवेंद्र सिंह, दीपक कुमार, मनोज यादव, पवन यादव, विनोद कुमार, दयानंद सिंह, महेश्वर ठाकुर, सरगुन यादव, प्यारेलाल, नरेश मांझी सहित चारों प्रखंडों के पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और कमेटी सदस्य उपस्थित थे।