अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत 8 मई को खेले गए हॉकी मुकाबलों में पंजाब, झारखंड और हरियाणा की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
अंडर-18 महिला वर्ग के मुकाबले में पंजाब की टीम ने हिमाचल प्रदेश को रोमांचक संघर्ष में 3-2 से हराया। पंजाब की ओर से गुरजीत कौर ने दो और तरनजीत कौर ने एक गोल किया। हिमाचल प्रदेश की ओर से ज्योति ने दो गोल किए, लेकिन टीम जीत नहीं दर्ज कर सकी।
दूसरे मैच में हरियाणा और मध्य प्रदेश के बीच मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। हरियाणा की ओर से अंजनी और मध्य प्रदेश की ओर से स्नेहा पटेल ने एक-एक गोल किया।
अंडर-18 पुरुष वर्ग में झारखंड ने मणिपुर को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराया। झारखंड की ओर से टोपनो जोलेन ने विजयी गोल किया। वहीं, एक अन्य मुकाबले में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 4-2 के अंतर से हराया। हरियाणा की ओर से नितिन, अमित, अंकुश और पंकज शर्मा ने एक-एक गोल किया, जबकि उत्तर प्रदेश की ओर से उज्ज्वल पाल और त्रिलोकी बेनवंशी ने एक-एक गोल किया।