हीट वेव को लेकर जहानाबाद प्रशासन अलर्ट, विभिन्न विभागों की तैयारियों की हुई समीक्षा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव (लू) के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पटना की टीम ने जहानाबाद जिले का दौरा कर विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान आपदा प्रबंधन विभाग सहित कई संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने हीट वेव से बचाव और उससे उत्पन्न आपात स्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों की गहन समीक्षा की। विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं, बेड, चिकित्सकीय उपकरणों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को इलाज में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

वहीं पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं को गर्मी से बचाने, उनके उपचार एवं पेयजल व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पशुपालकों को जागरूक करने और पशुओं के लिए छायादार स्थान एवं पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) द्वारा जिले में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। गर्मी के दौरान जल संकट की संभावना को देखते हुए खराब चापाकलों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति और टैंकर व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जनसंपर्क विभाग द्वारा आम लोगों के बीच हीट वेव से बचाव को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गई। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने तथा बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि हीट वेव की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

Leave a Comment