जनता दरबार में डीएम उदिता सिंह ने सुनीं 34 फरियादें, आंगनबाड़ी, जमीन, बिजली बिल और दाखिल-खारिज मामलों में दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बुधवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 34 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में आंगनबाड़ी भवन निर्माण में कथित लापरवाही तथा भवन में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामले पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, बिहारशरीफ तथा अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
दाखिल-खारिज में हो रही परेशानियों, गलत मीटर रीडिंग के कारण अधिक बिजली बिल आने, भूमि पर जबरन घेराबंदी, परिमार्जन लंबित रहने तथा भूमि माफिया द्वारा जमीन हड़पने की शिकायतों पर भी डीएम ने अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिक्षा विभाग से जुड़े एक मामले में फर्जी अनुपस्थिति जांच की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं सिलाव प्रखंड के नगर पंचायत वार्ड संख्या-13 स्थित सरकारी पईन में जमीन से तीन फीट ऊपर अवैध रूप से आरसीसी पाइप बिछाने की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनता दरबार में प्राप्त अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment