संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क जाम की समस्या, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुवार को समाहरणालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने की।
बैठक में आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शहरी क्षेत्र में संभावित अर्बन फ्लडिंग, जलजमाव, यातायात बाधित होने की स्थिति तथा लगातार बढ़ते सड़क जाम पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में शहर में ई-रिक्शा के अनियंत्रित परिचालन को जाम का प्रमुख कारण माना गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ई-रिक्शा का परिचालन निर्धारित रूट के अनुसार कराया जाए। इसके लिए रूट निर्धारण, स्पष्ट चिन्हांकन तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था करने को कहा गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
रामचंद्रपुर, मछली मंडी, मामू-भगिना मोड़, अंबेर चौक, हॉस्पिटल मोड़ और भैंसासुर मोड़ को सबसे अधिक जाम प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया। इन सभी स्थानों पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा गया कि सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर सड़क की पूरी चौड़ाई यातायात के लिए उपलब्ध कराई जाए।
यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी जाम प्रभावित हॉटस्पॉट पर दो शिफ्टों में होमगार्ड जवानों और पुलिस कांस्टेबलों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित निगरानी कर यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखें।
बैठक में भागनबीघा–नूरसराय–चंडी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। वहीं भैंसासुर से समाहरणालय तथा एतवारी बाजार क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर मरीजों के वाहनों के लिए अलग से पार्किंग स्थल चिन्हित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है।
इसके अलावा खंदकपर रेलवे क्रॉसिंग के समीप यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डिवाइडर निर्माण कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित एवं सुरक्षित ढंग से हो सके।
बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, यातायात शाखा सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि बरसात शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे शहरवासियों को जलजमाव, जाम और यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।
बरसात से पहले बिहारशरीफ की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
Written by Sanjay Kumar
Published on:







