इस्लामपुर नगर परिषद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स की मनमानी वसूली से नागरिकों में आक्रोश, पार्षदों की चुप्पी पर उठे सवाल

Written by Subhash Rajak

Published on:

मोहम्मद जियाउद्दीन
इस्लामपुर (अपना नालंदा)। इस्लामपुर नगर परिषद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स की मनमानी वसूली को लेकर आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। राजद नगर अध्यक्ष उपेन्द्र प्रसाद यादव ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि नगर परिषद के अंतर्गत होल्डिंग टैक्स की वसूली में भारी अनियमितताएं हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दो वर्षों से होल्डिंग टैक्स की बंदोबस्ती निजी एजेंसी को सौंप दी गई है। इसके बाद से एजेंसी के कर्मचारी मनमाने ढंग से टैक्स वसूल रहे हैं। पूर्व में निर्धारित टैक्स की तुलना में कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है, जिससे आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एक करदाता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि टैक्स वसूली में भी भेदभाव किया जा रहा है। “जैसन देवता, वैसन पूजा” की तर्ज पर मुँह देखकर टैक्स तय किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पूर्ववर्ती वित्तीय वर्षों के बकाया पर विलंब शुल्क भी मनमाने ढंग से जोड़कर वसूला जा रहा है।

शहर के लोगों का आरोप है कि नगर परिषद कार्यालय के नीचे स्थित टैक्स संग्रह कार्यालय में खुलेआम जबरन वसूली की जा रही है। नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद के मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी एवं 26 वार्ड पार्षदों को जनता ने उम्मीद के साथ चुना था, लेकिन अब वे चुप्पी साधे हुए हैं। किसी भी प्रतिनिधि या पदाधिकारी ने अब तक टैक्स वसूली की इस मनमानी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे जनता अपने को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस मुद्दे पर संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Comment