अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।राष्ट्रीय जनता दल द्वारा शनिवार को मां मैरिज हॉल, बिहारशरीफ में नालंदा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ “सामाजिक न्याय परिचर्चा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला, जबकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 17 महीने के कार्यकाल को जनहितैषी और विकासोन्मुख बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार आज के दौर में बख्तियार खिलजी की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने पहले ‘डिग्री लाओ-नौकरी पाओ’ नीति से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया, और फिर बार-बार जनादेश का अपमान कर लोकतंत्र को चोट पहुंचाई। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में हिलसा से निर्वाचित जनप्रतिनिधि का जबरन सर्टिफिकेट छीने जाने को लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
सुधाकर सिंह ने कहा कि नालंदा की ऐतिहासिक भूमि से मौर्य, गुप्त और जरासंध जैसे सम्राटों ने सामाजिक न्याय की नीति पर आधारित शासन दिया था, लेकिन आज इसी धरती पर नीतीश कुमार सामाजिक न्याय का गला घोंट रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार को “नकली धर्मनिरपेक्ष” नेता बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति आरएसएस और भाजपा की गोद में बैठकर राजनीति करता है, वह धर्मनिरपेक्षता की बात नहीं कर सकता।
उन्होंने लालू प्रसाद यादव को विश्व का सबसे बड़ा धर्मनिरपेक्ष नेता बताते हुए कहा कि वे कभी भाजपा के आगे नहीं झुके हैं और न ही झुकेंगे। साथ ही तेजस्वी यादव को आर्थिक न्याय का वाहक बताते हुए उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने तेजस्वी यादव के अल्प उपमुख्यमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उन्होंने 5 लाख सरकारी नौकरियां दीं, 4.5 लाख नौकरियों की प्रक्रिया शुरू कराई, आशा-आंगनबाड़ी सेविकाओं के वेतन में वृद्धि की, तालीमी मरकज की शुरुआत की और जातीय जनगणना कराकर आरक्षण का दायरा बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आने वाली सरकार बनने पर ‘माई बहन योजना’ के तहत महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह और जरूरतमंदों को ₹1500 पेंशन दी जाएगी।
पूर्व विधायक सतीश कुमार और डॉ. रविकांत ने नीतीश सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताते हुए कार्यकर्ताओं से सत्ता परिवर्तन के लिए एकजुट होकर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एक कुशल सरकार के गठन का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिलाव प्रखंड अध्यक्ष विजय यादव ने की तथा संचालन विनोद यादव ने किया। मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ‘हिमांशु’, प्रधान महासचिव सुनील यादव, दीपक कुमार, मनोज यादव, रजनीश कुमार सिंह, गणेश शंकर कुशवाहा, कल्लू मुखिया, संतोष पांडेय, रामाशीष चौधरी, पवन यादव, अमरजीत कुमार, रंजीत यादव, बबीता देवी, बृज किशोर मेहता, पारस राजवंशी, एलन रविदास सहित सभी बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।