संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर 2 अक्टूबर को बिहारशरीफ नगर निगम परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर महापौर अनिता देवी, उपमहापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित सशक्त स्थायी समिति के सदस्य धनंजय कुमार उर्फ पप्पू यादव, संजय कुमार आजाद एवं विनोद रविदास, वार्ड पार्षदगण, नगर प्रबंधक, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी तथा अन्य पदाधिकारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान महापौर, उपमहापौर एवं नगर आयुक्त की अध्यक्षता में विशेष काउंसिल बैठक आयोजित हुई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली (SWM Rules) 2026 के तहत चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण एवं निस्तारण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
नगर आयुक्त ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बिहारशरीफ के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।
इसके अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।







