अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। नालंदा जिले में कृषि कार्य के लिए बिछाए गए बिजली तारों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में शामिल संगठित गिरोह के मुख्य सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न इलाकों में बिजली के तार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में रहुई थाना क्षेत्र में पटवन के लिए बिछाए गए बिजली के तार को अज्ञात अपराधियों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया था। इस मामले में रहुई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में 14 मार्च 2024 को चोरी के तार व अन्य समान के साथ कुल सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई थी, जिन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
हालांकि, इस गिरोह का मुख्य सरगना अमित कुमार, पिता दिलीप महतो, ग्राम पहसारा, थाना नावकोठी, जिला बेगूसराय, तब से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। अंततः रहुई थाना पुलिस को नावकोठी थाना के सहयोग से 13 जून 2025 को उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पूछताछ में अमित कुमार ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2024 में नालंदा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर बिजली तारों की चोरी की थी। फिलहाल, उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार,उम्र: 27 वर्ष,पिता का नाम: दिलीप महतो,ग्राम: पहसारा,थाना: नावकोठी,जिला: बेगूसराय का है।
अपराधिक इतिहास:रेलवे सुरक्षा बल थाना, बख्तियारपुर कांड सं. 11/23, दिनांक 05.12.2023 – धारा 3 RCUP ACT,रहुई थाना कांड सं. 17/24, दिनांक 09.01.2024 – धारा 379 भा.दं.वि.,रहुई थाना कांड सं. 48/24, दिनांक 30.01.2024 – धारा 379 भा.दं.वि.,रहुई थाना कांड सं. 85/24, दिनांक 15.02.2024 – धारा 136 भारतीय विद्युत अधिनियम 2003,रहुई थाना कांड सं. 141/24, दिनांक 15.03.2024 – धारा 414 भा.दं.वि., 25(1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट व 21 NDPS एक्ट,नूरसराय थाना कांड सं. 58/24, दिनांक 08.02.2024 – धारा 136/140 विद्युत अधिनियम,नूरसराय थाना कांड सं. 67/24, दिनांक 14.02.2024 – धारा 136/140 विद्युत अधिनियम।
छापामारी दल में पुअनि कुणाल कुमार (थानाध्यक्ष, रहुई),पुअनि राजकुमार चौधरी (रहुई थाना),सिपाही राजू कुमार (1948),सिपाही रंजीत कुमार (1946)
(उक्त दोनों सिपाही रहुई थाना सशस्त्र बल से) शामिल थें।