अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । नालंदा की प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी मुस्कान कुमारी ने उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 4th KIO राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर बिहार और नालंदा का नाम रौशन किया है।
यह प्रतियोगिता 12 से 15 जून 2025 तक देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित इनडोर हॉल में आयोजित की गई थी। मुस्कान ने जूनियर आयु वर्ग के -42 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।
मुस्कान एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट एंड स्पोर्ट्स जोन, नालंदा की खिलाड़ी हैं। संस्था के संस्थापक और मुख्य प्रशिक्षक रेंसी राकेश राज, जो इस प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका में थे, ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बिहार टीम में अकेली चयनित खिलाड़ी मुस्कान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीत बिहार का गौरव बढ़ाया।
सम्मान और बधाई
मुस्कान को कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष हंसी भरत शर्मा, सचिव संजीव जांगड़ा, बिहार कराटे एसोसिएशन के सचिव क्योशी पंकज कंबली, अध्यक्ष क्योशी अभय कुमार अतुल, राष्ट्रीय रेफरी हर्ष कुमार, बिहार टीम कोच राम सिंह यादव व सुभाष कुमार, एकेडमी अध्यक्ष डॉ. रविचंद्र कुमार, निदेशक संजय कुशवाहा, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार, न्यूरोसर्जन डॉ. राजीव कुमार रंजन, नालंदा जिला कराटे संघ के सचिव क्योशी संजय खड्गी, राष्ट्रीय खिलाड़ी संध्या रानी एवं अंकिता राज समेत कई गणमान्य लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।