अपना नालंदा संवाददाता
बेन | बेन प्रखंड मुख्यालय एवं बेन पंचायत के वार्ड संख्या 1 स्थित रनु विगहा गांव में सोमवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ बट सावित्री पूजा मनाई गई। इस अवसर पर विवाहित महिलाओं ने वटवृक्ष की पूजा कर अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह से ही महिलाओं में पूजा को लेकर खास उत्साह देखा गया। परंपरागत परिधान में सजी महिलाओं ने व्रत रखते हुए वटवृक्ष की परिक्रमा की और पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि सावित्री ने इसी दिन अपने तप और संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान का जीवन वापस पाया था। तभी से यह व्रत पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना हेतु रखा जाता है।
पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा और पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।



