अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गृहभेदन एवं चोरी के दर्जनों मामलों में वांछित शातिर अपराधी ईश्वर रविदास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 24 मई की रात बिहार थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के करनौती गांव में छिपा हुआ है। इसके बाद बिहार थाना द्वारा गठित विशेष छापामारी दल ने स्थानीय थाना की मदद से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधी ईश्वर रविदास (उम्र करीब 28 वर्ष), पिता कृष्ण रविदास, निवासी खैराबाद, थाना बिहार, जिला नालंदा है। उस पर बिहार थाना एवं सोहसराय थाना में दर्जनों चोरी व गृहभेदन से संबंधित मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
ईश्वर रविदास पर वर्ष 2022 में बिहार थाना में दर्ज कांड संख्या 789/22, 790/22, 816/22, 817/22, 824/22, 825/22, 849/22 समेत अन्य कई मामले और सोहसराय थाना में कांड संख्या 298/22, 305/22 एवं 311/22 जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। सभी मामलों में धारा 457/380 भा.द.वि. (गृहभेदन एवं चोरी) के तहत मुकदमा दर्ज है।
छापामारी दल का नेतृत्व बिहार थाना प्रभारी सम्राट दीपक ने किया। टीम में पु.अ.नि. रविन्द्र कुमार, रौशन कुमार, सुशील कुमार पासवान, परि.पु.अ.नि. पवन कुमार, स.अ.नि. राकेश कुमार सिंह, सिपाही सोनू कुमार, अमन कुमार, गौरव कुमार एवं चौकीदार सुरेन्द्र कुमार शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच भी चल रही है। गिरफ्तार आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







