हरनौत में 64.2 लीटर विदेशी शराब बरामद, युवक गिरफ्तार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर नालंदा जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हरनौत थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक युवक को अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हरनौत बाजार के समीप वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जांच की। जांच के क्रम में उसके पास से अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी एवं उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल 64.2 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की।
गिरफ्तार युवक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के सबनौआ डीह गांव निवासी चंदन कुमार (22 वर्ष), पिता बिपिन मिस्त्री के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है।
मामले को लेकर हरनौत थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
बरामदगी : 64.2 लीटर अवैध विदेशी शराब।
गिरफ्तार : चंदन कुमार, 22 वर्ष, सबनौआ डीह, थाना हरनौत, नालंदा।

Leave a Comment