विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय प्रखंड के मंडाछ गांव निवासी जदयू नेता एवं समता पार्टी के समय से पार्टी से जुड़े रहे चंदन कुमार (54) का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद इलाज के क्रम में पटना स्थित आईजीआईएमएस में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही नूरसराय प्रखंड क्षेत्र में जदयू कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चंदन कुमार के निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
चंदन कुमार स्व. नागेश्वर प्रसाद के पुत्र थे। बताया गया कि वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज पटना के आईजीआईएमएस में चल रहा था। इलाज के दौरान मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं शुभचिंतक उनके पैतृक गांव मंडाछ पहुंचने लगे और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
समता पार्टी के समय से रहे सक्रिय
चंदन कुमार लंबे समय से राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे थे। बताया जाता है कि वे समता पार्टी के समय से ही संगठन से जुड़े हुए थे और बाद में जदयू के साथ सक्रिय रूप से कार्य करते रहे। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकर्ताओं के साथ उनके सहज व्यवहार के कारण स्थानीय स्तर पर उनकी अच्छी पहचान थी।

उनके निधन से जदयू कार्यकर्ताओं में मायूसी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंदन कुमार हमेशा संगठन के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे और पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम करते थे। उनके असमय निधन से संगठन ने एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है।
मंत्री श्रवण कुमार ने जताया शोक
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसम्पर्क मंत्री श्रवण कुमार ने चंदन कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चंदन कुमार जदयू के सच्चे एवं समर्पित सिपाही थे। उनके असमय निधन से पार्टी को गहरी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है।

मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार को धैर्य एवं सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे और पार्टी परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ खड़े हैं।
वरिष्ठ नेताओं ने भी व्यक्त की संवेदना
जदयू के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र प्रसाद ने भी चंदन कुमार के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चंदन कुमार पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। उनके निधन से पार्टी एवं समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
चंदन कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में जदयू प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार, बबलू कुमार, डॉ. सुनील दत्त, रणधीर, मुखिया कामराज महतो, शैलेन्द्र चौहान, भूषण चौहान, प्रखंड प्रमुख रेखा देवी, जनार्दन चंद्रवंशी, एहसान आलम, मिन्हाज आलम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल रहे।
पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंदन कुमार का सरल व्यवहार, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय संबंध लंबे समय तक लोगों को याद रहेगा। उनके निधन से मंडाछ गांव सहित पूरे नूरसराय क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।







