संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। आमजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और नगर निगम से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बिहारशरीफ नगर निगम की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर निगम कार्यालय से संबंधित किसी भी समस्या के लिए अब आमजन संबंधित विभाग के पदाधिकारी से सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत या समस्या का समाधान करा सकते हैं।

नगर निगम प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित पदाधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्या लेकर बार-बार नगर निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। जिस विभाग से संबंधित समस्या होगी, आमजन उस विभाग के संबंधित पदाधिकारी से सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नगर निगम की ओर से बताया गया है कि शहरवासियों को मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन स्तर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम से संबंधित सफाई, कचरा उठाव, जलजमाव, नाला-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, आवासीय एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्या संबंधित विभाग के पदाधिकारी के समक्ष रखें और नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं। निगम का प्रयास है कि आमजनों को समय पर बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलें और उनकी शिकायतों का यथासंभव शीघ्र समाधान हो सके।








