नगरनौसा में गांजा तस्करी का खुलासा, 7.471 किलो गांजा और 3.70 लाख रुपये बरामद, तीन गिरफ्तार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

नगरनौसा (अपना नालंदा)। नगरनौसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.471 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ, 3.70 लाख रुपये नकद, दो बाइक और एक ऑल्टो कार बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी रंजन कुमार ने बताया कि नगरनौसा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कंचन भवन स्थित एक गोदाम में अवैध गांजा छिपाकर रखा गया है और वहीं से इसकी बिक्री एवं तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हिलसा-01 के नेतृत्व में नगरनौसा थाना पुलिस की टीम ने संबंधित गोदाम की घेराबंदी कर विधिवत छापेमारी की।

चोकर के बोरे में छिपाकर रखा था गांजा

पुलिस टीम ने गोदाम की तलाशी शुरू की तो पश्चिमी हिस्से में भूसा रखे बोरे के ढेर के पास एक लाल रंग के चोकर के बोरे में छिपाकर रखा गया गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। वजन कराने पर इसकी मात्रा 7 किलो 471 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

तलाशी के दौरान गोदाम के दूसरे हिस्से में रखे एक थैले से 3 लाख 70 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद नकदी को भी जब्त कर लिया। पुलिस को आशंका है कि बरामद नकदी का संबंध मादक पदार्थ के कारोबार से हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

दो बाइक और मोबाइल भी जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से संजय श्रीवास्तव और दीनानाथ प्रसाद को पकड़ा। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा गोदाम के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, इन वाहनों का इस्तेमाल गांजा की बिक्री एवं आवागमन में किए जाने की आशंका है।

पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मामले में शामिल एक अन्य व्यक्ति सुबोध कुमार, निवासी प्रेमन बिगहा, थाना नगरनौसा को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ऑल्टो कार भी बरामद कर जब्त की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

एएसपी ने बताया कि मामले में नगरनौसा थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां-कहां खपाने की तैयारी थी। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

छापेमारी टीम में शामिल रहे पुलिसकर्मी

कार्रवाई में नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, सुदेश्वर राय सहित सिपाही रमेश कुमार, सरस्वती कुमारी, रुकसार खातून, दिनेश कुमार, अनिकेत कुमार, शिवम कुमार, मनीष कुमार, संजीव कुमार और पूनम कुमारी शामिल रहे।

बरामदगी:

गांजा जैसा मादक पदार्थ — 7.471 किलोग्राम

नकद — 3.70 लाख रुपये

मोटरसाइकिल — 2

ऑल्टो कार — 1

मोबाइल फोन — 2

Leave a Comment