जहानाबाद सदर अस्पताल निर्माण में फिर बड़ा हादसा: तीसरी मंजिल से गिरा मजदूर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)।जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी भवन में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। रविवार देर रात निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर तीसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर तीसरी मंजिल पर मचान (भाड़ा) पर खड़े होकर प्लास्टर का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कई फीट नीचे जमीन पर जा गिरा। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य मजदूरों ने तत्काल उसे उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा को लेकर घोर लापरवाही बरती जा रही है। ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों को न तो सुरक्षा हेलमेट उपलब्ध कराया जाता है और न ही सेफ्टी बेल्ट या लाइफ लाइन जैसी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाती है। यदि मजदूर सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे होते तो हादसे की गंभीरता काफी कम हो सकती थी।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले इसी निर्माणाधीन अस्पताल भवन की चौथी मंजिल से गिरकर दो अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद ठेकेदार और निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है। इससे निर्माण स्थल पर कार्यरत मजदूरों की जान लगातार जोखिम में बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायल मजदूर की पहचान सार्वजनिक नहीं करने की भी कोशिश की गई। हालांकि घटना की जानकारी स्थानीय लोगों और मीडिया तक पहुंचने के बाद मामला सामने आ गया।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन तथा निर्माण एजेंसी से मांग की है कि निर्माण स्थल पर श्रम सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। मजदूरों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा जाल (सेफ्टी नेट) और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लगातार हो रहे हादसों ने निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों को लागू नहीं किया गया तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग भी उठने लगी है।

Leave a Comment