अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति एवं सीएमआर आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में पैक्सों की भंडारण समस्या को देखते हुए जिले में तीन अतिरिक्त गोदामों को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे जिले में कुल 2300 एमटी अतिरिक्त भंडारण क्षमता बढ़ेगी।
बैठक के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि अब तक सीएमआर आपूर्ति मात्र 54.27 प्रतिशत ही हो सकी है। इस पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपूर्ति कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भंडारण क्षमता की कमी के कारण सीएमआर आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल तीन गोदामों को स्वीकृति दी। इसमें व्यापार मंडल जहानाबाद में 500 एमटी, काको स्थित निजी गोदाम में 1300 एमटी तथा सुलेमानपुर पैक्स में 500 एमटी भंडारण क्षमता को मंजूरी दी गई।
जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि धान अधिप्राप्ति एवं भंडारण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पैक्सों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा धान खरीद और भंडारण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जाए।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा एवं समयबद्ध भुगतान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर समाहर्ता विभागीय जांच विनय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला खाद्य प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







