नीट परीक्षा रद्द होने से 23 लाख छात्रों का भविष्य संकट में पड़ा : राजद

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राष्ट्रीय जनता दल के जिला प्रवक्ता दीपक कुमार ने नीट परीक्षा रद्द किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि इस फैसले से देश के लगभग 23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पिछले 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में है और बिहार में भी लंबे समय से सरकार का हिस्सा रही है। इसके बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि बिहार में जितनी भी बड़ी परीक्षाएं हुई हैं, उनमें अधिकांश में पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।
दीपक कुमार ने कहा कि यदि 34 महीने के तेजस्वी यादव के उपमुख्यमंत्री कार्यकाल को छोड़ दिया जाए तो लगभग हर परीक्षा विवादों में रही है। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव के कार्यकाल में गांधी मैदान को “नौकरी मैदान” में बदलने का काम किया गया था और उस दौरान आयोजित परीक्षाओं में कहीं भी पेपर लीक की शिकायत सामने नहीं आई।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का रद्द होना सरकार की बड़ी प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि हर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं, जो देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के लिए बेहद चिंताजनक है।

Leave a Comment