चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। चंडी नगर पंचायत स्थित महावीर स्थान परिसर में गुरुवार देर रात सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा का उद्घाटन नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। कथा शुरू होते ही पूरा महावीर स्थान परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया।
आयोजक धनंजय कुमार ने बताया कि 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम छह बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रसिद्ध कथावाचक मधुसूदनाचार्य जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया जाएगा। सात दिनों तक भगवान की लीलाओं, भक्ति, धर्म, सदाचार और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।

आयोजक ने बताया कि 7 अक्टूबर को कथा का समापन होगा। इसके अगले दिन 8 अक्टूबर को हवन एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर परिसर में आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम में कमिटी अध्यक्ष अर्जुन यादव, सचिव योगेंद्र यादव, जिला परिषद अध्यक्ष पिंकी कुमारी, उप मुख्य पार्षद प्रवीण कुमार सुमन, आयोजक धनंजय कुमार, समाजसेवी प्रेम कुमार सिन्हा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन समिति ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की।







