नूरसराय में सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों को नियुक्ति एवं पदस्थापन पत्र वितरित

Written by Sanjay Kumar

Published on:


नूरसराय (अपना नालंदा)।प्रखंड संसाधन केंद्र नूरसराय में मंगलवार को सक्षमता परीक्षा के तृतीय एवं चतुर्थ चरण के तहत काउंसलिंग पूर्ण कर चुके शिक्षकों के बीच औपबंधिक नियुक्ति पत्र, विद्यालय योगदान पत्र तथा पदस्थापन पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम विभागीय निर्देशानुसार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आनंद शंकर के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुबह 10 बजे से नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें कई शिक्षकों को उनके नियुक्ति और पदस्थापन से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। इसी क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय अन्धना (उर्दू), नूरसराय की शिक्षिका तथा बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ नूरसराय के महिला प्रकोष्ठ की प्रखंड सचिव जीनत परवीन को भी सक्षमता परीक्षा के तहत औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।


जीनत परवीन ने बताया कि उन्हें विशिष्ट शिक्षक पद पर नियुक्ति मिली है और वह आगामी 1 अप्रैल 2026 से नए शैक्षणिक सत्र में अपने विद्यालय में विधिवत योगदान देंगी। उन्होंने इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया से शिक्षकों को अपनी सेवा नियमित करने का अवसर मिल रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के जिला प्रभारी रीतेश कुमार, प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, लेखापाल परवेज आलम, कंप्यूटर ऑपरेटर गुड़िया कुमारी, आईसीटी समन्वयक अनोज कुमार तथा आदेशपाल लक्ष्मण प्रसाद सहित कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम पूरे समय शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित शिक्षकों ने विभाग द्वारा पारदर्शी तरीके से नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया को सराहनीय बताया और उम्मीद जताई कि इससे विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य और अधिक सुदृढ़ होगा।

Leave a Comment