रन्नु विगहा में हुड़दंग दल संग सौहार्द और भाईचारे से मनी होली

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालन्दा)। प्रखंड क्षेत्र के रन्नु विगहा गांव में होली के पावन अवसर पर हुड़दंग दल के सदस्यों द्वारा पूरे गांव में घूम-घूमकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाया।
कार्यक्रम के दौरान हुड़दंग दल के सदस्य पारंपरिक अंदाज में गांव की गलियों में घूमते हुए लोगों के घर-घर पहुंचे और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर तथा पारंपरिक रूप से मिट्टी और कीचड़ लगाकर गले मिलते हुए होली की बधाई दी। इस दौरान गांव के बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी ने मिलकर उत्सव में भाग लिया और पुराने गिले-शिकवे भुलाकर आपसी प्रेम और सद्भाव का परिचय दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष होली के अवसर पर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिससे गांव में आपसी एकता और भाईचारा मजबूत होता है। हुड़दंग दल के सदस्यों ने भी लोगों से शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की।
शाम होते ही सभी ग्रामीण स्नान-ध्यान कर रंग, अबीर और गुलाल के साथ होली खेलने की तैयारी में जुट गए। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। हर ओर ढोल-नगाड़ों की धुन, हंसी-खुशी और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस आयोजन ने गांव में सामाजिक सद्भाव और पारंपरिक संस्कृति को जीवंत करने का काम किया।

Leave a Comment