अपना नालंदा संवाददाता
नगरनौसा ।प्रखंड स्थित ई-किसान भवन नगरनौसा के सभागार में शुक्रवार को शारदीय खरीफ महाअभियान के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष अभयनंद पांडेय, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी महेश चौधरी एवं प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित हुए, जिन्हें कृषि वैज्ञानिकों द्वारा खेत की सिंचाई, उन्नत बीज, फसल विविधता और जैविक खेती की विस्तृत जानकारी दी गई।
सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई
प्रशिक्षण सत्र में किसानों को अनुदान आधारित बीज वितरण, फार्मर रजिस्ट्री, और ‘बिहार कृषि एप’ की उपयोगिता के बारे में बताया गया। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने किसानों से आग्रह किया कि वे ‘बिहार कृषि एप’ अवश्य डाउनलोड करें, ताकि उन्हें विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से पिछले सात वर्षों तक का कृषि रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहेगा।
धान की सीधी बुआई को लेकर किया गया प्रेरित
प्रखंड कृषि पदाधिकारी महेश चौधरी ने बताया कि किसानों को अनुदान पर धान और मोटे अनाज के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने श्री विधि और जीरो टिलेज तकनीक से धान की सीधी बुआई करने के लिए किसानों को प्रेरित किया। साथ ही, फसल विविधता अपनाने का भी आग्रह किया गया, जिससे कम लागत में अधिक मुनाफा प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से अवगत कराकर उनकी उत्पादन क्षमता को बढ़ाना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
सरकार किसानों की उन्नति के लिए संकल्पित
प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अमित कुमार ने कहा कि सरकार किसानों की उन्नति के लिए सतत प्रयासरत है। बीज से लेकर कृषि यंत्रों की खरीद तक पर सरकार द्वारा अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रखंड किसान सलाहकार समिति सदस्य एवं कैला उपमुखिया जितेंद्र प्रसाद, रामपुर के मुखिया शिवशंकर कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक अनुरूपा कुमारी, प्रवीण पांडेय, कार्यपालक सहायक संदीप कुमार पांडेय, कृषि समन्वयक श्रवण कुमार, मनोज कुमार, विश्वाकांत कुमार वर्मा, किसान सलाहकार प्रियंका कुमारी, कमलेश कुमार, चंद्रमणि कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।