विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में जंगली सियार के हमले से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना अंधना पंचायत के शंकरपुर झामा गांव की है, जहां बीती रात सियार के हमले में 65 वर्षीय लूटन पासवान की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, लूटन पासवान रोज की तरह रात में अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात शौचालय जाने के लिए वे घर से बाहर निकले। बताया जाता है कि इसी समय अचानक एक जंगली सियार ने उन पर हमला कर दिया। सियार के हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
परिजनों को घटना की जानकारी सुबह हुई। जब परिवार के लोग घर से बाहर निकले तो लूटन पासवान का शव बाहर पड़ा मिला। शव देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के पुत्र कुंदन कुमार पासवान ने बताया कि उनके पिता प्रतिदिन की तरह घर में सोए हुए थे। रात में शौचालय जाने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान सियार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी जान चली गई। सुबह जब परिजनों ने उन्हें बाहर मृत अवस्था में देखा तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, लूटन पासवान गांव के सामाजिक और बुद्धिजीवी व्यक्ति थे। वे समाज के लोगों के बीच काफी सम्मानित थे। उनके निधन से गांव ने एक मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति को खो दिया है। घटना के बाद से शंकरपुर झामा सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। लोग विशेषकर रात के समय घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
दो वर्षों से जंगली जानवरों का बढ़ रहा आतंक
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से इलाके में जंगली सियार और नीलगाय का आतंक बढ़ता जा रहा है। सियारों की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में पहले से ही भय बना हुआ था, लेकिन इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जंगली जानवरों के आतंक पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने, प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही सियारों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने की व्यवस्था करने की अपील की है।
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन और वन विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कितनी जल्दी ठोस कदम उठाते हैं।







