अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। निशांत फैन्स एसोसिएशन ने संगठनात्मक विस्तार और मजबूती के उद्देश्य से पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यानंद सिंह उर्फ बीएन सिंह को प्रधान महासचिव मनोनीत किया है। वे नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड अंतर्गत मुजफ्फरा गांव के निवासी हैं। संगठन के गठन में उनकी सक्रिय भूमिका, समर्पण और सांगठनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रविवार को हरनौत प्रखंड के खरुआरा स्थित संगठन के प्रधान कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में अध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा ने कहा कि बीएन सिंह के अनुभव और संगठनात्मक कार्यक्षमता से एसोसिएशन की गतिविधियों को विस्तार मिलेगा। उनके नेतृत्व में सदस्यता अभियान को गति देने के साथ संगठन को प्रखंड से लेकर जिला और राज्य स्तर तक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नवनियुक्त प्रधान महासचिव से संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सांगठनिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपेक्षा जताई गई। इसके साथ ही नीतीश कुमार के विकास संबंधी विचारों और निशांत कुमार के प्रति सकारात्मक जनभावनाओं को लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
बैठक में रामबालक सिंह, शैलेन्द्र सिंह, डॉ. (प्रो.) विजय कुमार, अरुण कुमार मयंक, लड्डू सिंह, शम्भू सिंह, वरुण कुमार सिंह, जगत नारायण, सौरभ राज, हर्ष राज, चन्दन कुमार एवं मंटू कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। मनोनयन के बाद संगठन के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।







