गरीबों और वंचितों के उत्थान को लेकर सरकार प्रतिबद्ध, मंत्री श्रवण कुमार ने बांटी योजनाओं की सौगात

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।बिहार सरकार समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास और गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे। ये बातें बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने बुधवार को बिहारशरीफ प्रखंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने बिहारशरीफ प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के लाभुकों के बीच सरकार की ओर से संचालित कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र एवं आर्थिक सहायता राशि का वितरण किया। कार्यक्रम में डुमरावां, मेघी नगवां, बियाबानी और पचौरी पंचायत के दर्जनों पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना तथा बिहार राज्य निःशक्तता पेंशन योजना के अंतर्गत कुल 20 लाभुकों को 1,100 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। इस सहायता से वृद्धजनों, जरूरतमंद महिलाओं और दिव्यांगजनों को नियमित आर्थिक सहयोग मिलेगा, जिससे उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत होगी।
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मेघी नगवां, डुमरावां, बियाबानी एवं पचौरी पंचायत की 13 महिला लाभुकों को पक्का मकान निर्माण के लिए योजना का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध हो तथा गरीब परिवार भी सम्मानजनक जीवन जी सकें।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत आपदा एवं असामयिक निधन से प्रभावित परिवारों के आश्रित बलदेव प्रसाद यादव एवं संजीता कुमारी को 20-20 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस सहायता का उद्देश्य संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल देना है।
लाभुकों को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना भी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में विकास के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवास, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार चाहती है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें निर्धारित समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रदेश सचिव गुलरेज अंसारी, प्रखंड जदयू अध्यक्ष धनंजय कुमार, प्र. कुशवाहा, युगल किशोर, मुखिया बिट्टू कुशवाहा, रामवृक्ष प्रसाद, रामजन्म रविदास, सोनू रविदास, रंजीत सिंह, संजय राम, विश्वास सिंह, निरंजना गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment