नूरसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: पिता-पुत्री की मौत, मासूम बेटा गंभीर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। परिऔना गांव के समीप प्लांट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता और उसके दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता और चार वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव निवासी 36 वर्षीय कमलेश कुमार और उनकी चार वर्षीय पुत्री रिवांशी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल आठ वर्षीय पुत्र ऋषव राज का इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पत्नी से मिलने बच्चों को लेकर जा रहे थे कमलेश
परिजनों के अनुसार, कमलेश कुमार अपने दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के तरौरा गांव जा रहे थे। उनकी पत्नी रिंकू कुमारी बिहार पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में तरौरा गांव में रह रही हैं। कमलेश अपने बच्चों के साथ पत्नी से मिलने के लिए घर से निकले थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर परिवार के लिए इतना दुखद साबित होगा।
बताया जाता है कि मेयार गांव से निकलने के बाद कमलेश कुमार जब अपने दोनों बच्चों के साथ परिऔना गांव के समीप प्लांट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर जा गिरे।
हादसे में कमलेश कुमार और उनकी चार वर्षीय बेटी रिवांशी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋषव राज गंभीर रूप से घायल हो गया।


पुलिस ने पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मृतकों और घायल बच्चे को बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कमलेश कुमार और रिवांशी कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ऋषव राज का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही मेयार गांव में मातम पसर गया। एक साथ पिता और मासूम बेटी की मौत की खबर से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायल बच्चे के बेहतर इलाज को लेकर भी परिजन चिंतित हैं।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
नूरसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जदयू नेता ने पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता
दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलने के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद भी पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को बीस-बीस हजार रुपये के दो चेक, कुल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
राजेंद्र प्रसाद ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने परिवार से इस कठिन घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
एक ही परिवार में पिता और मासूम बेटी की मौत तथा बेटे के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन की जल्द पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Comment