थरथरी में मंदिरों को चोरों ने बनाया निशाना, देवी स्थान का दानपात्र तोड़ छह हजार रुपये उड़ाए, काली स्थान का भी ताला टूटा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

थरथरी (अपना नालंदा)। थरथरी बाजार में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने धार्मिक आस्था के केंद्र दो मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले देवी स्थान मंदिर में जंजीर से लटके दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब छह हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके बाद पास स्थित काली स्थान मंदिर का भी ताला तोड़ दिया। हालांकि वहां रखे ढोलक, झाल, ताशा सहित अन्य पूजा सामग्री को चोर अपने साथ नहीं ले जा सके। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो दानपात्र और मंदिर का टूटा हुआ ताला देखकर घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जमा हो गए। लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।


मंदिर व्यवस्थापक प्रमोद केवट ने बताया कि देवी स्थान मंदिर के दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए करीब छह हजार रुपये रखे थे, जिन्हें चोर ताला तोड़कर ले गए। इसके बाद चोरों ने काली स्थान मंदिर का भी ताला तोड़ दिया, लेकिन वहां रखे वाद्य यंत्र और अन्य सामान नहीं ले जा सके। उन्होंने आशंका जताई कि किसी आहट या लोगों के जाग जाने के कारण चोर जल्दबाजी में वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना तत्काल थरथरी थाना पुलिस को दी गई। मंदिर व्यवस्थापक ने थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, मंदिरों सहित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों में चोरी की घटनाएं लोगों की आस्था पर भी चोट पहुंचाती हैं, इसलिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।

Leave a Comment