राजेश कुमार गौतम
नालंदा (अपना नालंदा)।नालंदा थाना क्षेत्र के सुरजपुर गांव में शुक्रवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और मोबाइल की चोरी कर ली। घटना रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोर घर से एक मोबाइल फोन, एक अटैची और लगभग 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित अमित कुमार शर्मा ने बताया कि चोर अटैची में रखे कपड़े और नकदी भी अपने साथ ले गए। हालांकि कुछ बैग और कपड़े घर की छत पर फेंके हुए मिले हैं। घटना के समय घर में गिरीश स्वामी सो रहे थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं होने के कारण चोर आसानी से घर में घुस गए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नालंदा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इधर, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात, सुरजपुर गांव में घर से नकदी और मोबाइल लेकर फरार हुए चोर
Written by Sanjay Kumar
Published on:







