रोटरी क्लब ऑफ तथागत बिहारशरीफ का छठा अधिष्ठापन समारोह संपन्न, समाज सेवा के नए संकल्प के साथ नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। रोटरी क्लब ऑफ तथागत, बिहारशरीफ का छठा अधिष्ठापन (इंस्टॉलेशन) समारोह शनिवार को शहर के एक निजी सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी का विधिवत पदभार ग्रहण कराया गया तथा समाज सेवा के क्षेत्र में क्लब की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन महेश कुमार लोहानी एवं सचिव डॉ. नीरज कुमार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ तथागत आने वाले दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से मिलकर समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

The sixth installation ceremony of the Rotary Club of Tathagata Bihar Sharif concluded; the new team assumed responsibility with a renewed resolve for social service.


मुख्य अतिथि एवं पूर्व जिला गवर्नर (PDG) अजय छाबड़ा ने नए सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर उन्हें रोटरी के सिद्धांतों, सेवा भावना और संगठन के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ तथागत द्वारा संचालित रोटरी चिल्ड्रेन स्कूल की सराहना करते हुए इसे रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की सबसे प्रभावशाली और प्रेरणादायी परियोजनाओं में से एक बताया।
सम्मानित अतिथि एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-इलेक्ट (DGE) रोटेरियन अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति अपनी सकारात्मक जिद और मेहनत को बनाए रखे तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
वहीं सहायक गवर्नर (AG) रोटेरियन जोसफ टी. टी. ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग का संदेश पढ़कर सुनाया और रोटरी के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन परमेश्वर महतो एवं निवर्तमान सचिव मधु कंचन ने वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रोटेरियन डॉ. विभाष प्रियदर्शी एवं रोटेरियन अमित कुमार भारती ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ सदस्य रोटेरियन डॉ. सुनील कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Comment