चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। चंडी थाना क्षेत्र के मकुंदन बिगहा गांव में शनिवार की देर रात अपराधियों ने एक ही रात में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। एक घर में बदमाश हथियार के बल पर परिवार को आतंकित कर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान लूट ले गए, जबकि दूसरे बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लगातार हुई इन दो घटनाओं से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पहली घटना गांव निवासी अरुण चौधरी के घर में हुई। पीड़ित ने बताया कि रात में उनका बेटा घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था, जबकि उनकी पत्नी और बेटी नीचे के कमरे में थीं। इसी दौरान चार की संख्या में पहुंचे बदमाश चुपके से घर में घुस गए। अपराधियों ने सबसे पहले बेटे के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि वह बाहर निकलकर विरोध न कर सके। इसके बाद वे नीचे पहुंचे और पत्नी तथा बेटी को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
डरे-सहमे परिवार के सामने अपराधियों ने घर में रखी पेटी और पर्स की तलाशी ली। बदमाश दो चांदी की सिकरी, दो जोड़ी कनबाली, दो चांदी की पायल समेत करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर आराम से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी गांव से निकल चुके थे।

इसी रात चोरों ने गांव के ही लक्ष्मी प्रसाद के बंद पड़े मकान को भी निशाना बनाया। लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि वह फिलहाल बाढ़ में रहते हैं और मकान बंद था। उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में रखे एक सोने का ढोलना, एक जोड़ी कनबाली, एक जोड़ी पायल, एक अंगूठी, दो सेट पीतल के बर्तन समेत लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात और घरेलू सामान चोरी कर लिया।
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ितों के आवेदन के आधार पर अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
एक ही रात में दो बड़ी वारदातों से मकुंदन बिगहा और आसपास के गांवों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की नियमित जांच करने तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







