कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण, जर्जर भवन पर जताई चिंता

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। बिहार राज्य स्वास्थ्य सोसायटी के अतिरिक्त कार्यकारी निदेशक Kumar Gaurav ने गुरुवार को हरनौत प्रखंड स्थित कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar की पत्नी एवं प्रख्यात शिक्षिका स्वर्गीय मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि कार्यक्रम के सिलसिले में कल्याण बिगहा पहुंचे अतिरिक्त कार्यकारी निदेशक ने स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), ओपीडी, दवा भंडार, ईसीजी कक्ष तथा मरीजों के ऑनलाइन पंजीकरण के लिए लगाए गए क्यूआर कोड व्यवस्था का अवलोकन किया। इसके साथ ही अस्पताल भवन की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन जर्जर अवस्था में पाया गया तथा जगह की कमी की समस्या भी सामने आई।

अस्पताल प्रभारी डॉ. राकेश कुमार रंजन ने अतिरिक्त कार्यकारी निदेशक को बताया कि भवन की मरम्मत एवं विस्तार को लेकर विभागीय वरीय अधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में यहां आठ डॉक्टर कार्यरत हैं तथा लगभग 254 प्रकार की दवाएं मरीजों के लिए उपलब्ध हैं।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कार्यकारी निदेशक ने अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता, एक्स-रे सुविधा, दवा वितरण व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा, बेड की संख्या, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति तथा जेनरेटर की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

करीब 20 मिनट तक अस्पताल में रुककर उन्होंने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

मौके पर नालंदा सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, डीपीएम श्याम कुमार निर्मल, हरनौत पीएचसी के एमओआईसी डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, बीएम एंड ई मनोज कुमार, डॉ. चंद्रभूषण, डॉ. अविनाश समेत कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment