अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। अस्थावां थाना क्षेत्र के लखनु बिगहा मोड़ के पास रविवार देर शाम बच्चों के आपसी विवाद में शुरू हुए झगड़े ने गंभीर रूप ले लिया। इस झगड़े में चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें दो युवक घायल हो गए थे। इलाज के दौरान सोमवार सुबह एक घायल युवक की मौत हो गई। वहीं, मामले में नामजद एक अभियुक्त कमिन्द्र पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अस्थावां थाना प्रभारी को रविवार देर शाम गश्ती के दौरान लखनु बिगहा मोड़ के पास बच्चों के विवाद से शुरू हुए झगड़े और मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि चुलिहारी निवासी संजीत कुमार का पुत्र एवं उसका मौसेरा भाई, रविन्द्र प्रसाद के दो पुत्रों एवं कमिन्द्र पासवान से विवाद के दौरान मारपीट में घायल हो गए हैं। आरोप है कि रविन्द्र प्रसाद के दोनों पुत्रों एवं कमिन्द्र पासवान ने चाकू से हमला किया, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायलों को परिजनों ने तत्काल इलाज के लिए बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में घायल संजीत कुमार के पुत्र के फर्दव्यान पर अस्थावां थाना में नामजद प्राथमिकी (कांड संख्या 173/25, दिनांक 02.06.2025) दर्ज की गई। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 118(2), 127(2), 303(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सोमवार सुबह इलाज के दौरान एक घायल युवक की मौत हो गई। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना में नामजद अभियुक्त कमिन्द्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि अन्य दो नामजद अभियुक्त रविन्द्र प्रसाद के पुत्र नाबालिग हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। वर्तमान में इलाके की विधि-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।