अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।सोमवार को हरदेव भवन सभागार में उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुण्डलिक खाण्डेकर की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान द्वितीय चरण की प्रगति को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, CB & IEC के जिला सलाहकार, SLWM सलाहकार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2025 के अवसर पर “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्ति अभियान” के सफल क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिले भर में सामुदायिक स्थलों जैसे बाजार, बस स्टैंड, खेल के मैदान, जल निकाय (नदी, तालाब, झरने आदि) के आसपास प्लास्टिक कचरे की पहचान कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और एकत्रित प्लास्टिक का प्रबंधन इकाइयों में समुचित निपटान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाए और उन्हें इसके उन्मूलन में सहभागी बनाया जाए।
महादलित टोलों में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण को बढ़ावा देने हेतु जीविका दीदी, विकास मित्र, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लाभुकों से संपर्क करने का निर्देश भी उप विकास आयुक्त द्वारा दिया गया।

समीक्षा के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता कर्मियों के मानदेय भुगतान हेतु उनकी उपस्थिति की जानकारी जिला स्तर पर अविलंब उपलब्ध कराई जाए।
इसके अतिरिक्त, स्वच्छता मित्र ऐप पर घरों और सार्वजनिक स्थलों से कचरा उठाव की जानकारी नियमित रूप से दर्ज कराने एवं अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाईयों के निर्माण कार्य को गति देने का भी निर्देश दिया गया।
यह बैठक आगामी पर्यावरण दिवस को सफल बनाने और जिले में स्वच्छता अभियानों को और सशक्त करने के उद्देश्य से अत्यंत महत्वपूर्ण रही।