श्रावणी मेला-2026: सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं के साथ श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर पहाड़ में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला-2026 के भव्य शुभारंभ को लेकर जिला प्रशासन ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेला क्षेत्र में शेष बचे कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि 30 जुलाई, 2026 को श्रावणी मेला का शुभारंभ श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और भव्य वातावरण में कराया जा सके।


जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह स्वयं बराबर क्षेत्र में लगातार कैंप कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उनके नेतृत्व में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मेला परिसर का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं तथा सभी कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था को मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सूचना बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में कांवरिये एवं श्रद्धालु बाबा सिद्धेश्वर नाथ के जलाभिषेक के लिए बराबर पहाड़ पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी पूरी अवधि के दौरान तैनात रहेंगे ताकि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल मेला नियंत्रण कक्ष या ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से संपर्क करें।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि 30 जुलाई, 2026 को बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर पहाड़ में श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं भव्य वातावरण में संपन्न होगा। यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई पहचान देगा।

Leave a Comment