अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकसित भारत 2047 संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार शरीफ नगर मध्य मंडल द्वारा एक संकल्प सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छोटी पहाड़ी स्थित कुशवाहा धर्मशाला में नगर अध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, कार्यक्रम प्रभारी के रूप में जिला मीडिया सह प्रभारी अमरेश कुमार मौजूद थे। सभा का संचालन नगर महामंत्री अमित शान सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और 11 वर्षों में हुई विकासात्मक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में जनता तक विकास कार्यों की जानकारी पहुँचानी चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम प्रभारी अमरेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक देशभर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की देन बताया और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनता को सरकारी योजनाओं की सच्चाई से अवगत कराएं ताकि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को पराजित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बने, और इसके लिए हर देशवासी को योगदान देना होगा।
नगर अध्यक्ष धनंजय कुमार ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने, और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को ‘विकसित भारत 2047’ में सहभागी बनने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष भेषनाथ प्रसाद, निराला कुमार, रंजीत कुमार रंजन, महामंत्री राजेश सिंह सिसोदिया, नगर मंत्री चांदनी कुमारी, रेशमा कुमारी, कोषाध्यक्ष संजय कुमार कुशवाहा, मीडिया प्रभारी विकास कुमार, संजय कुमार विश्वकर्मा, विजेंद्र पासवान, विजय चौधरी, इंद्रदेव कुमार, उमेश कुमार, जवाहर प्रसाद, रामचंद्र कुमार, अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।