हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नगर पंचायत हरनौत के वार्ड संख्या 04 में पिछले दो दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने के कारण जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं। कई स्थानों पर नालियों में गंदा पानी जमा रहने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर्व-त्योहार के समय सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में लंबे समय से दो अतिरिक्त सफाई कर्मियों की मांग नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित संवेदक से की जा रही है। कर्मियों की संख्या कम रहने के कारण वार्ड की नियमित सफाई नहीं हो पाती है। लोगों के अनुसार कई बार शाम तक सफाई कार्य चलता रहता है, बावजूद इसके सभी मोहल्लों की सफाई पूरी नहीं हो पाती।
कूड़े से निकल रही दुर्गंध और नालियों में जमा गंदे पानी से बच्चों, बुजुर्गों, छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को परेशानी हो रही है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए लोगों ने नियमित सफाई की मांग की है।
बड़ी काली मंदिर के पुजारी दीपक कुमार, पार्षद प्रतिनिधि रोहित कुमार उर्फ मिलनजी, सुशीला देवी सहित दर्जनों मोहल्लेवासियों ने सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। लोगों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इधर, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरव सुमन ने बताया कि वार्ड पार्षद द्वारा सफाई कार्य नहीं करने दिया जा रहा है। इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थानीय लोगों ने जल्द स्थिति स्पष्ट कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।







