राजद के 30वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, तेजस्वी यादव बोले— देश विरोधी ताकतों के खिलाफ रहें एकजुट

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस रविवार को बिहारशरीफ स्थित आईएमए हॉल में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी की नीतियों, सामाजिक न्याय की विचारधारा तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।
स्थापना दिवस समारोह को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देश विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि राजद हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है। उन्होंने पार्टी संस्थापक लालू प्रसाद यादव की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार के पास इन समस्याओं के समाधान का कोई स्पष्ट विजन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक संगठन को मजबूत बनाने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के योगदान को याद किया तथा दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड सहित देश की राजनीति में राजद ने हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और पार्टी ने कभी सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में संगठन लगातार विस्तार कर रहा है और आर्थिक न्याय के मुद्दे पर पार्टी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम प्रभारी अरविंद साहनी एवं खुर्शीद आलम सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही आने वाले राजनीतिक संघर्षों की सबसे बड़ी ताकत होगी और व्यवस्था परिवर्तन में राजद की भूमिका निर्णायक रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन युवा जिला अध्यक्ष मनोज यादव ने किया। समारोह में पूर्व विधायक राकेश कुमार रोशन, हुमायूं अख्तर तारीक, रवि रंजन ‘छोटू’ मुखिया, सुनील यादव, दीपक कुमार, खुर्शीद अंसारी, प्रमोद गुप्ता, महफूज आलम, बलराम मिस्त्री, दयानंद सिंह, निधि शर्मा, जीतू यादव, नवल यादव, अनिल कुमार अकेला, नगीना यादव, मंटू यादव, सुरेश मुखिया, संजीत राय, रामाशीष यादव, फारूक आजम, टनटन खान, पवन यादव, उपेंद्र मुखिया, विनोद यादव, कल्लू मुखिया, बजरंगी कुशवाहा, गुड्डू यादव, शशिकांत कौशल, उपेंद्र यादव, कृष्ण यादव, विजय राम, पारस राजवंशी, राजो पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment